
बालोद / सनौद:
बालोद जिले के थाना सनौद क्षेत्र अंतर्गत मोटर सायकल चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के घर से चोरी गई बजाज पल्सर मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।

पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगा राम चौहान (भा.पु.से.) एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रकांत गवर्ना के निर्देशन तथा एसडीओपी गुरुर श्रीमती माया शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सनौद निरीक्षक सोन सिंह सोरी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई है।
क्या है पूरा मामला?
दिनांक 02 सितंबर 2026 को प्रार्थी दयानंद बंसोड़ (पिता खीमाराम बंसोड़, उम्र 34 वर्ष, निवासी ग्राम बोहारा, थाना सनौद) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 1 सितंबर को दोपहर करीब 12:30 बजे उन्होंने अपनी बजाज पल्सर मोटर सायकल (क्रमांक CG-07-AQ-5597) ग्राम अरकार स्थित शराब दुकान के पास खड़ी की थी। अज्ञात चोरों द्वारा इस गाड़ी को पार कर दिया गया था। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सनौद में अपराध क्रमांक 100/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
सीसीटीवी फुटेज से हुआ खुलासा:
विवेचना के दौरान थाना सनौद पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला। कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस ने आरोपी की पहचान प्रवीण कुमार गायकवाड़ (पिता दशरथ गायकवाड़, उम्र 29 वर्ष, निवासी ग्राम गुड़ियारी, थाना जामगांव आर, जिला दुर्ग) के रूप में की।
पुलिस ने जब आरोपी को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने बाइक चोरी करना स्वीकार किया और बताया कि उसने गाड़ी को अपने घर में छिपाकर रखा है। पुलिस टीम ने आरोपी की निशानदेही पर उसके गृहग्राम गुड़ियारी जाकर गवाहों के समक्ष चोरी गई बजाज पल्सर बाइक (कीमत लगभग ₹30,000/-) को ज़ब्त कर लिया।
आरोपी को गिरफ्तार कर विधिवत वैधानिक कार्रवाई के तहत न्यायालय में पेश किया गया है। इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सोन सिंह सोरी, सहायक उप निरीक्षक नंदलाल साहू, प्रधान आरक्षक हीरदे राम कोलियारा, आरक्षक टिकेश यादव, दमन वर्मा और टिकेंद्र सोरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




