जब बच्चों के साथ पानीपुरी के ठेले पर पहुंचे विधायक रामकुमार टोप्पो अपने हाथों से खिलाए गोलगप्पे

बरगवां में दिखा विधायक का सादगी भरा अंदाज; पूजा-अर्चना के बाद बच्चों के साथ बांटी खुशियां, ग्रामीणों के खिले चेहरे
सीतापुर (सरगुजा):सीतापुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामकुमार टोप्पो का एक बेहद सहज और आत्मीय अंदाज ग्राम बरगवां में देखने को मिला। विकास कार्यों और प्रशासनिक कसावट को लेकर हमेशा सख्त व सक्रिय नजर आने वाले विधायक यहां नन्हे-मुन्ने बच्चों के साथ हंसी-खुशी के पल साझा करते नजर आए। उन्होंने न सिर्फ बच्चों से बातचीत की, बल्कि पानीपुरी के ठेले पर खड़े होकर स्वयं अपने हाथों से बच्चों को गोलगप्पे भी खिलाए।
दर्शन-पूजन के बाद ठेले पर टिकी नजर
मिली जानकारी के अनुसार, विधायक रामकुमार टोप्पो ग्राम बरगवां पहुंचे थे, जहां उन्होंने माता रानी के दरबार में माथा टेका और क्षेत्र की खुशहाली व समृद्धि की कामना की। दर्शन-पूजन के बाद जब वे मंदिर परिसर से बाहर निकल रहे थे, तभी उनकी नजर पास में लगे एक पानीपुरी (गोलगप्पे) के ठेले और उसके इर्द-गिर्द खड़े बच्चों पर पड़ी। विधायक प्रोटोकॉल और औपचारिकताएं छोड़कर सीधे ठेले के पास पहुंच गए।
बच्चों के चेहरे पर छाई मुस्कान
ठेले पर पहुंचकर विधायक ने बच्चों को पास बुलाया और अपने हाथों से उन्हें एक-एक कर गोलगप्पे खिलाने लगे। विधायक के इस अपनत्व भरे व्यवहार से बच्चे खुशी से चहक उठे। मौके पर मौजूद ग्रामीणों के लिए भी एक जनप्रतिनिधि का यह सादगी भरा रूप चर्चा का विषय बन गया।
कड़क छवि के बीच दिखा मानवीय पहलू
क्षेत्र में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की औचक जांच और अधिकारियों को समय-सीमा में काम पूरा कराने के सख्त निर्देशों के लिए पहचाने जाने वाले रामकुमार टोप्पो का यह मानवीय जुड़ाव लोगों को खूब भा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि जनप्रतिनिधि का ऐसा सहज रूप यह साबित करता है कि वे जनता की समस्याओं के साथ-साथ उनके भावनात्मक जुड़ाव को भी बखूबी समझते हैं।




