
बालोद:
छत्तीसगढ़ के बालोद शहर में तांदुला नदी पुल के पास इन दिनों व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर एक गंभीर लापरवाही सामने आई है। पुल के ठीक किनारे लगा हुआ एक बिजली का पोल काफी अधिक झुक गया है, जो वहां से गुजरने वाले हजारों राहगीरों और वाहन चालकों के लिए किसी बड़े खतरे से कम नहीं है।

हालात यह हैं कि पोल कभी भी गिर सकता है, जिससे किसी बड़ी अनहोनी या दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है। इसके बावजूद संबंधित विद्युत विभाग के अधिकारियों की नींद अब तक नहीं खुली है। स्थानीय नागरिकों और राहगीरों का कहना है कि इस गंभीर स्थिति को देखने के बाद भी विभाग द्वारा अब तक किसी प्रकार की सुध नहीं ली गई है और न ही इसे दुरुस्त करने के लिए कोई ठोस कदम उठाया गया है।

क्या किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है विभाग?
आम नागरिकों की सुरक्षा दांव पर लगी हुई है, लेकिन जिम्मेदार मौन साधे बैठे हैं। लोगों का सवाल है कि क्या प्रशासन या बिजली विभाग किसी बड़े हादसे के होने का इंतजार कर रहा है?
जनहित और सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि विद्युत विभाग तुरंत इस मामले को गंभीरता से ले, मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करे तथा झुके हुए इस खतरनाक बिजली पोल को जल्द से जल्द सुरक्षित और दुरुस्त कराए, ताकि किसी भी संभावित जनहानि को समय रहते टाला जा सके।




