बालोद: पिपरछेड़ी स्कूल में शिक्षक दिवस पर अनोखी पहल, ‘बाल विवाह मुक्त जिला’ बनाने के लिए शिक्षकों और छात्रों ने ली शपथ
बालोद. छत्तीसगढ़

बालोद / पिपरछेड़ी
विकासखंड बालोद के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पिपरछेड़ी में शिक्षक दिवस का पर्व बेहद खास और सामाजिक संदेश के साथ मनाया गया। विद्यालय के बच्चों द्वारा जहाँ एक ओर अपने गुरुओं का सम्मान करते हुए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, वहीं दूसरी ओर समाज को एक गंभीर कुरीति से मुक्त करने के लिए “बाल विवाह के रोकथाम में शिक्षकों की अहम भूमिका – एक परिचर्चा” विषय पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
सेवानिवृत्त शिक्षक बने विशेष अतिथि:
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त पूर्व प्रभारी प्राचार्य श्री यू.एल. देशमुख उपस्थित रहे, जबकि विशेष अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त व्याख्याता श्री एच.के. चौधरी और शिक्षक एस.के. देशमुख ने शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य श्री एम.एल. सार्वा ने की। विद्यार्थियों ने सभी शिक्षकों का आदरपूर्वक सम्मान किया और गुरुजनों ने बच्चों को उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया।

बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता और मंथन
परिचर्चा के दौरान विद्यालय के प्राचार्य श्री एम.एल. सार्वा ने बाल विवाह के दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि बाल विवाह बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा पर गंभीर आघात करता है। शिक्षक केवलता किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव की धुरी होते हैं।
वहीं, भूतपूर्व प्राचार्य यू.एल. देशमुख ने समाज को बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए परिवार, विद्यालय, पंचायत और प्रशासन के संयुक्त प्रयासों को जरूरी बताया। उन्होंने जोर देकर कहा कि कम उम्र में शादी के बजाय बच्चों को उच्च शिक्षा और कौशल विकास के अवसर मिलने चाहिए।
सामूहिक संकल्प और हेल्पलाइन नंबर:
कार्यक्रम के अंत में सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों और उपस्थित ग्रामीणों ने मिलकर बालोद जिले को पूर्णतः ‘बाल विवाह मुक्त जिला’ बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। साथ ही, बच्चों और पालकों को जागरूक किया गया कि यदि कहीं भी बाल विवाह जैसी अवैध गतिविधि की जानकारी मिले, तो वे तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 या पुलिस प्रशासन के नंबर 100 पर संपर्क कर इसकी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
छत्तीसगढ़ की बड़ी खबरों के लिए यूट्यूब पर अभी सर्च 🔍 करे 👇👇👇
The chhattisgarh




