राजपुरी फुटबॉल टूर्नामेंट रोमांचक फाइनल में पेटला बनी चैंपियन, एरंड उपविजेता विधायक रामकुमार टोप्पो ने बढ़ाया खिलाड़ियों का मान

सीतापुर : ग्राम राजपुरी (भाजपा मंडल सीतापुर) में आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में खेल भावना, रोमांच और युवाओं के गजब के उत्साह का नजारा देखने को मिला। फाइनल मुकाबले में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए ग्राम पेटला की टीम ने खिताबी जीत दर्ज की, जबकि एरंड की टीम उपविजेता रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीतापुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री रामकुमार टोप्पो रहे। उन्होंने विजेता टीम पेटला और उपविजेता टीम एरंड के खिलाड़ियों को शील्ड व पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं, बस अवसर की जरूरत: विधायक टोप्पो
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए विधायक श्री रामकुमार टोप्पो ने कहा, “खेल केवल हार-जीत तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन में अनुशासन, टीम भावना, एकता और आत्मविश्वास पैदा करता है।” उन्होंने युवाओं को पढ़ाई के साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। श्री टोप्पो ने जोर देते हुए कहा कि ग्रामीण अंचलों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, बस उन्हें सही मार्गदर्शन, अवसर और मंच देने की जरूरत है। निरंतर अभ्यास और समर्पण से युवा राष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन कर सकते हैं।
स्थानीय जनप्रतिनिधि और खेल प्रेमी रहे मौजूद
इस खेल महाकुंभ के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष श्री त्रिलोचन सदावर्ती, विधायक प्रतिनिधि श्री श्रवण दास एमएलए एजुकेशन कोर अध्यक्ष श्री राजकुमार गुप्ता एल्डरमैन श्री अनेश्वर गुप्ता, श्री ओम प्रकाश गुप्ता, श्री संतोष खेस, श्री विक्की गुप्ता सहित स्थानीय बूथ अध्यक्ष, सरपंच, उपसरपंच भाजपा कार्यकर्ता और भारी संख्या में ग्रामीण व खेल प्रेमी उपस्थित रहे। पूरे टूर्नामेंट ने क्षेत्र में खेल संस्कृति को सशक्त करने का एक सकारात्मक संदेश दिया।




