सड़क-पुल निर्माण में गुणवत्ता को लेकर विधायक रामकुमार टोप्पो नाराज, औचक निरीक्षण कर अधिकारियों को दिए कार्रवाई के निर्देश
मैनपाट। सीतापुर अंबिकापुर छत्तीसगढ़
मैनपाट। सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने रविवार को अपने मैनपाट दौरे के दौरान क्षेत्र में चल रहे सड़क एवं पुल निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की गुणवत्ता में कमियां नजर आने पर विधायक ने नाराजगी जताई और संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

जानकारी के अनुसार, मैनपाट क्षेत्र के बरिमा से कुदरीडीह मार्ग पर लंबे समय बाद सड़क एवं पुल निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। करोड़ों रुपये की लागत से चल रहे इस निर्माण कार्य के पास से गुजरते समय विधायक रामकुमार टोप्पो ने अपना काफिला रुकवाया और मौके पर पहुंचकर निर्माणाधीन पुल एवं सड़क कार्य का जायजा लिया।
इस दौरान विधायक ने निर्माण में इस्तेमाल की जा रही सामग्री, निर्माण प्रक्रिया और कार्य की गुणवत्ता का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्हें निर्माण कार्य में कुछ कमियां दिखाई दीं, जिस पर उन्होंने नाराजगी जताई।
विधायक ने मौके से ही संबंधित विभागीय अधिकारियों से फोन पर चर्चा की और निर्माण कार्य की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों और गुणवत्ता के अनुरूप ही कराया जाए।
गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं
विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा कि जनता की सुविधा और क्षेत्र के विकास के लिए स्वीकृत निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। शासन की राशि का सही उपयोग हो और लोगों को लंबे समय तक टिकाऊ एवं गुणवत्तापूर्ण सड़क और पुल की सुविधा मिले, यह संबंधित विभाग एवं निर्माण एजेंसी की जिम्मेदारी है।उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने और निर्धारित तकनीकी मापदंडों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए विधायक के औचक निरीक्षण के बाद अब निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर विभागीय स्तर पर क्या कार्रवाई होती है, इस पर लोगों की नजर बनी हुई है।





