मैनपाट के केसरा में मांझी समाज का संभागीय सम्मेलन संपन्न, विधायक रामकुमार टोप्पो बोले—अंतिम पंक्ति के व्यक्ति का उत्थान ही असली विकास
Sitapur sarguja chhattisgarh


मैनपाट/सीतापुर
ग्राम पंचायत केसरा (मैनपाट) में मांझी समाज के संभागीय सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में सीतापुर विधायक श्री रामकुमार टोप्पो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। आजादी के बाद पहली बार इस स्तर पर आयोजित हुए इस सम्मेलन को मांझी समाज के उत्थान की दिशा में एक मील का पत्थर माना जा रहा है।
विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की पहल
मांझी समाज लंबे समय से सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक चुनौतियों से जूझता रहा है। इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए विधायक रामकुमार टोप्पो लगातार ऐसे वंचित वर्गों को चिन्हांकित कर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। सम्मेलन को संबोधित करते हुए विधायक टोप्पो ने कहा, “सरकार की प्राथमिकता केवल सड़क, पुल-पुलिया या भवनों के निर्माण तक सीमित नहीं है। समाज का सर्वांगीण विकास और अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति का सामाजिक उत्थान भी विकास का उतना ही अहम हिस्सा है।” उन्होंने आगे कहा कि ‘विकसित भारत’ का संकल्प तभी साकार होगा जब हर वर्ग शिक्षा और विकास के अवसरों से जुड़ेगा।
शिक्षा और सफलता की नई मिसाल
विधायक ने समाज में आ रहे सकारात्मक बदलावों की सराहना करते हुए कहा कि आज मांझी समाज शिक्षा, रोजगार और व्यवसाय के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विशेष रूप से मैनपाट क्षेत्र की बेटियों का उदाहरण देते हुए कहा कि NEET जैसी कठिन राष्ट्रीय परीक्षाओं में समाज की बेटियों की सफलता इस बात का प्रमाण है कि क्षेत्र में शैक्षणिक जागरूकता और सोच तेजी से बदल रही है।
संगठन और एकजुटता पर मंथन
सम्मेलन के दौरान शिक्षा के प्रसार, सामाजिक जागरूकता, संगठनात्मक मजबूती और आपसी एकजुटता को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह के भीतर आगे बढ़ने का नया उत्साह साफ नजर आया।
इस अवसर पर मांझी समाज के प्रदेश अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित जिला, विधानसभा और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में सामाजिक बंधु एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।




