
बालोद / गुण्डरदेही:
संजारी-बालोद और गुण्डरदेही क्षेत्र में विगत दिनों हुई मूसलाधार बारिश और बाढ़ के कारण आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इस बीच, गुण्डरदेही विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक कुंवरसिंह निषाद ने बाढ़ पीड़ितों की सुध लेते हुए जिला कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपा है, जिसमें प्रभावित परिवारों को शीघ्र अतिशीघ्र राहत एवं क्षतिपूर्ति राशि प्रदान करने की मांग की गई है।
किसानों और ग्रामीणों के समक्ष आर्थिक संकट:
कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में विधायक कुंवरसिंह निषाद ने बताया कि अत्यधिक वर्षा और बाढ़ के कारण क्षेत्र के विभिन्न गांवों में भारी तबाही मची है। पानी भरने और जलभराव के चलते अनेक गरीब परिवारों के कच्चे-पक्के मकान ढह गए हैं, किसानों की खड़ी फसलें बर्बाद हो गई हैं, पशुधन की हानि हुई है तथा अन्य संपत्तियों को भी बड़ा नुकसान पहुंचा है, जिससे प्रभावित परिवारों के समक्ष गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है।
इन प्रमुख गांवों में सर्वेक्षण की मांग:

विधायक ने जिला प्रशासन से मांग की है कि राजस्व और संबंधित विभागों के अमले को तुरंत मैदान में उतारकर प्रभावित क्षेत्रों में हुए नुकसान का विस्तृत सर्वेक्षण और पंचनामा तैयार कराया जाए। विशेष रूप से—
ग्राम सिकोसा, मनहोरा, फुलझर, खेरुद (खे), सनौद, लिमोरा
नगर पंचायत गुण्डरदेही तथा अन्य सभी बाढ़ प्रभावित ग्रामों में पात्र परिवारों को मकान, कृषि फसल, पशुधन और अन्य नुकसान की उचित क्षतिपूर्ति राशि जल्द से जल्द प्रदान की जाए।
सार्वजनिक परिसंपत्तियों के पुनर्निर्माण पर जोर:
इसके साथ ही विधायक ने मांग की है कि जिन क्षेत्रों में बाढ़ और जलभराव के कारण सड़कें, पुल-पुलिया, नालियां और अन्य सार्वजनिक परिसंपत्तियां क्षतिग्रस्त हुई हैं, उनका भी त्वरित आकलन कर प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत और पुनर्निर्माण कार्य शुरू कराया जाए, ताकि आवागमन और व्यवस्थाएं सामान्य हो सकें।



