छत्तीसगढ़दुनियालोकल न्यूज़

दल्लीराजहरा में अनोखी पहल: टी. ज्योति के नेतृत्व में महिला पार्षदों ने निभाया बहन का फर्ज, घर से कोसों दूर तैनात SSB और RPSF जवानों को बांधी राखी

बालोद. छत्तीसगढ़

दल्लीराजहरा:

भाई-बहन के पवित्र प्रेम और अटूट विश्वास के पर्व रक्षाबंधन पर यदि किसी की कलाई सूनी रह जाए, तो वह पल बेहद भावुक कर देने वाला होता है। इस कसक को दूर करने और देश की सरहदों व सुरक्षा में मुस्तैद जवानों के चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए दल्लीराजहरा में एक बेहद अनुकरणीय पहल देखने को मिली है। पार्षद एवं प्रसिद्ध लोक गायिका टी. ज्योति के नेतृत्व में नगर पालिका की महिला पार्षदों ने घर-परिवार से कोसों दूर तैनात सुरक्षा बलों के जवानों की कलाइयों पर रक्षासूत्र बांधकर अनूठे अंदाज में रक्षाबंधन मनाया।

केवटी और राजहरा बैरक में बंधा रक्षासूत्र:

कार्यक्रम के तहत महिला पार्षदों की टीम ने केवटी पहुंचकर 33वीं बटालियन एसएसबी (SSB) के जवानों तथा दल्लीराजहरा स्थित आरपीएसएफ (RPSF) बैरक पहुंचकर जवानों को राखी बांधी। पार्षदों ने जवानों के माथे पर तिलक लगाया, उनकी कलाई पर रक्षासूत्र सजाया और उन्हें मिठाइयां, फल व श्रीफल भेंट किए।

जवानों ने साझा किए भावुक पल:

इस मौके पर रेलवे आरपीएफ के अधिकारी श्याम कुमार ने भावुक होते हुए कहा कि त्योहारों के समय घर से दूर रहना और बहनों के पास न जा पाना कठिन होता है, लेकिन पार्षद टी. ज्योति और उनकी टीम ने जिस अपनापन के साथ आकर राखी बांधी, उससे उनकी कलाइयां सूनी नहीं रहीं और यह पर्व उनके लिए यादगार बन गया। अधिकारी अजीत कुमार और 33वीं बटालियन के कमांडेंट पवित्र शर्मा ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इन बहनों ने हमें अपनी सगी बहनों की कमी महसूस नहीं होने दी। कमांडेंट पवित्र शर्मा ने भावुक होकर कहा कि इन बहनों ने छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया की सच्ची मिसाल पेश की है।

पिछले 10 वर्षों से लगातार निभा रही हैं फर्ज:

पार्षद टी. ज्योति ने बताया कि वे और उनकी महिला टीम पिछले 10 वर्षों से लगातार देश की सुरक्षा में तैनात SSB, BSF और RPSF के जवानों को राखी बांधती आ रही हैं। उन्होंने कहा कि जो वीर जवान अपने घर-परिवार से दूर देश की रक्षा के लिए अपनी सेवाएं दे रहे हैं, उनकी कलाइयों को सूनी न रहने देना हमारा नैतिक कर्तव्य है।

इस आत्मीय और गौरवपूर्ण अवसर पर पार्षद अरुणा रामटेके, मालती निषाद, अनीता सोनवानी, रेखा सहारे, मोनिका साहू, पूसई साहू और ज्योति पांडेय सहित नगर पालिका की अन्य महिला पार्षद और बहनें बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!