सेवा संकल्प अभियान: सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो को मिला अनोखा न्योता, हल्दी-चावल देकर दिया ‘आंगन मिलन’ का आमंत्रण

सीतापुर: ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित होने वाले आंगन मिलन (आंगन उत्सव) कार्यक्रम के लिए सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो को एक बेहद खास और पारंपरिक अंदाज में आमंत्रित किया गया। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने विधायक कार्यालय पहुंचकर भारतीय रीति-रिवाज के अनुसार हल्दी और अक्षत (चावल) भेंट कर उन्हें कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का न्योता सौंपा।
पारंपरिक अंदाज ने जीता दिल
विधायक रामकुमार टोप्पो ने इस आत्मीय और पारंपरिक आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का आभार जताया। इस मौके पर उन्होंने कहा की हमारी भारतीय संस्कृति में अतिथि सत्कार और पारंपरिक आमंत्रण का एक गहरा आध्यात्मिक और सामाजिक महत्व है। हल्दी और अक्षत देकर दिया गया यह न्योता हमारी समृद्ध लोक-संस्कृति और परस्पर आत्मीयता की सुंदर झलक पेश करता है। बच्चों के पोषण, संस्कार और उनके समग्र विकास से जुड़े आयोजनों में शामिल होना हमेशा एक सुखद अनुभव रहता है।
17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान
गौरतलब है कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक क्षेत्र में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का संचालन किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जमीनी जानकारी हर नागरिक तक पहुंचाना है।इसी कड़ी के तहत आंगनवाड़ी केंद्रों में ‘आंगन मिलन/आंगन उत्सव’ आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अभिभावकों और समाज के बीच बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, उचित पोषण और शुरुआती संस्कारों को लेकर जागरूकता बढ़ाई जा सके।


