पुरूर थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा: बस के बोनट में फंसे युवक को 5-6 किमी तक घसीटता रहा चालक, आरोपी गिरफ्तार कर भेजा गया जेल
बालोद. छत्तीसगढ़

बालोद / पुरूर:
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के पुरूर थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-30 पर एक अत्यंत दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। तेज रफ्तार बस चालक की घोर लापरवाही और अमानवीयता के चलते एक युवक की जान चली गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बस चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला?
दिनांक 16 सितंबर 2026 को प्रार्थी कैलाश सिन्हा (निवासी चारामा, कांकेर) ने थाना पुरूर में मर्ग इंटीमेशन दर्ज कराया था। प्रार्थी के अनुसार, उसका बड़ा भाई जीवन सिन्हा अपने साथी तुलेश कौशल की मोटरसाइकिल (क्र. CG 19 BK 3431) से सुबह करीब 11:00 बजे धमतरी के लिए निकला था।
करीब 11:45 बजे एनएच-30 मुख्य मार्ग पर न्यारा पेट्रोल पंप के पास, बालोदगहन के नजदीक सामने से आ रही ‘मनीष ट्रेवल्स’ की बस (क्र. CG 27 K 2469) के चालक हेमन लाल साहू ने वाहन को अत्यंत तेज गति और लापरवाही पूर्वक चलाते हुए बाइक को टक्कर मार दी।
5 से 6 किलोमीटर तक घसीटता ले गया चालक:
टक्कर इतनी भयानक थी कि मृतक जीवन सिन्हा बस के सामने बोनट में फंस गया। चश्मदीदों के बयानों के अनुसार, बस चालक हेमन लाल साहू यह अच्छी तरह जानता था कि व्यक्ति बस के बोनट में फंसा हुआ है और उसकी मौत हो सकती है, इसके बावजूद उसने बस रोकने के बजाय अपनी गाड़ी तेजी से चारामा की ओर भगा दी।
चालक युवक को लगभग 5 से 6 किलोमीटर तक सड़क पर घसीटता हुआ ले गया। अंततः जगतरा टोल प्लाजा मेन रोड के पास युवक का क्षत-विक्षत शव सड़क पर गिरा मिला, जहां गंभीर चोटों के कारण उसकी दर्दनाक मौत हो चुकी थी।
पुलिस की कड़ी कार्रवाई:
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पुरूर में शुरू में मर्ग कायम कर अपराध दर्ज किया गया था। विवेचना और गवाहों के बयानों के आधार पर मामले में धारा जोड़ी गई। आरोपी बस चालक हेमन लाल साहू (पिता बलीराम साहू, उम्र 33 वर्ष, निवासी ग्राम रावा भर्रीपारा, थाना अर्जुनी, जिला धमतरी) ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने आज दिनांक 18.09.2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इसके अलावा, पुरूर पुलिस ने सड़क दुर्घटना से जुड़े एक अन्य मामले में गिरफ्तारी वारंटी तुमेश्वर ध्रुव (निवासी शंकरदाह, अर्जुनी) को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
